बनबसा। पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश के बाद शारदा नदी उफान पर है और लगातार शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास ही बना हुआ है। खतरे के निशान के आसपास बह रही शारदा नदी के कारण बनबसा बैराज में पानी का दबाब बढ़ने लगा है। इसलिये शनिवार को बनबसा बैराज से एक बार फिर शारदा नदी में पानी छोड़ा गया है। इससे मैदानी इलाकों में बाढ़ के हालात बन गये हैं। पिछले कुछ दिनों से पहाड़ों पर रुक रुक कर लगातार भारी बारिश हो रही है। जिससे पहाड़ी नदियों व नालों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। मौसम विभाग द्वारा वैसे भी चम्पावत जिले में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। पहाड़ों पर लगातार होती बरसात के बाद शारदा नदी के जलस्तर में अभी और बढ़ोत्तरी होने की आशंका है।
यह भी देखें- Banbasa News - सीमान्त बनबसा क्षेत्र में शारदा नदी में फंसे नेपाली नागरिकों के लिये देवदूत बनी बनबसा पुलिस।
बनवसा स्थित बैराज पुल में पानी का दबाव बढ़ने के कारण बैराज से शारदा नदी में शनिवार सुबह एक लाख 90 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे पूर्व शुक्रवार को भी बनबसा बैराज से पानी शारदा नदी में छोड़ा गया था। लगातार बनबसा पुल से नदी में पानी छोड़े जाने के कारण मैदानी इलाकों में शारदा नदी के किनारे बसे गाँव के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। कई हेक्टेयर फसलें पानी में डूब चुकी हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर बाढ़ की स्थिति बन गयी है। जिसके चलते पीलीभीत, पूरनपुर (उ०प्र०) सहित कई मैदानी इलाकों में प्रशाशन की ओर से रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
उ०प्र० बाढ़ कंट्रोल रूम के मुताबिक अभी बाढ़ जैसे कोई हालात तो नहीं हैं, लेकिन बनबसा बैराज से जब डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी शारदा नदी में छोड़ा जाता है तो बाढ़ का खतरा बढ़ ही जाता है। कंट्रोल रूम के मुताबिक सभी उच्च अधिकारियों को पानी छोड़े जाने की जानकारी दे दी गयी है।
0 टिप्पणियाँ